March 30, 2026 2:16 am

बुरहानपुर के 227 परिवारों को मिला 4.96 करोड़ रुपये का आर्थिक संबल

संबल योजना के तहत सीएम डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से डीबीटी द्वारा की राशि ट्रांसफर

विधायक अर्चना चिटनिस ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

बुरहानपुर।
मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत श्रमिक परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से सामान्य मृत्यु एवं दुर्घटना में मृत्यु के मामलों में अनुग्रह सहायता राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए अंतरित की गई।

इस प्रक्रिया के तहत बुरहानपुर जिले के कुल 227 श्रमिक परिवारों को 4 करोड़ 96 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इसमें सामान्य मृत्यु के 206 प्रकरण और दुर्घटना में मृत्यु के 21 प्रकरण शामिल हैं। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बुरहानपुर के एनआईसी केंद्र के माध्यम से किया गया।

क्षेत्रवार लाभार्थियों का विवरण

विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने जानकारी देते हुए बताया कि—

  • जनपद पंचायत बुरहानपुर : 86 परिवार

  • नगर निगम बुरहानपुर : 31 परिवार

  • नगर परिषद शाहपुर : 8 परिवार

  • जनपद पंचायत खकनार : 100 परिवार

  • नगर पालिका परिषद नेपानगर : 2 परिवार

इस प्रकार जिले के कुल 227 श्रमिक परिवार मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना से लाभान्वित हुए।

मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना गरीबों का सहारा : अर्चना चिटनिस

विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि

“मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना संकट की घड़ी में श्रमिक परिवारों के लिए सरकार का भरोसा है। बुरहानपुर जिले के 227 परिवारों को लगभग पाँच करोड़ रुपये की सहायता सीधे खातों में पहुँचना ऐतिहासिक उपलब्धि है।”

उन्होंने जिले की जनता की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े श्रमिक तक सहायता पहुँचाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

मुश्किल समय में संबल बनती है योजना

श्रीमती चिटनिस ने कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान के साथ-साथ जीवन में कई ऐसे संकट आते हैं—जैसे प्रसूति, बीमारी, दिव्यांगता या परिवार में किसी की मृत्यु, जहाँ आर्थिक सहायता अत्यंत आवश्यक होती है। ऐसे कठिन समय में संबल योजना जरूरतमंद परिवारों के आंसू पोंछने का कार्य करती है

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अंत्योदय की भावना के अनुरूप राज्य सरकार गरीब एवं श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

लाभार्थियों ने जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में लाभान्वित हितग्राहियों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता राशि उनके लिए कठिन समय में वास्तविक आर्थिक संबल साबित हुई है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें