March 30, 2026 2:17 am

सड़क नहीं, हादसों का रास्ता: कलारा के जूनापानी–दुपाड़िया मार्ग पर गड्ढों और कीचड़ से जनता त्रस्त

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की अनदेखी, जलभराव से रोज़ हो रहे हादसे, बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों की सेहत पर खतरा

ब्रजेन्द्र कुशवाह/बैरसिया।

बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कलारा की मुख्य सड़क आज ग्रामीणों के लिए सुविधा नहीं बल्कि खतरा बन चुकी है। आदर्श ग्राम पंचायत का दर्जा रखने वाला कलारा गांव इन दिनों बदहाल सड़क व्यवस्था की मार झेल रहा है।

जूनापानी होते हुए दुपाड़िया मुख्य मार्ग से जुड़ने वाली यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई थी, लेकिन वर्षों से मरम्मत न होने के कारण अब यह सड़क गड्ढों, कीचड़ और जलभराव में तब्दील हो चुकी है।


बारिश में हालात और भी भयावह, रोज़ हो रहे हादसे

बरसात के मौसम में सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे जबरदस्त फिसलन पैदा हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार,
👉 प्रतिदिन 3 से 4 दोपहिया वाहन सवार और पैदल यात्री गिरकर घायल हो रहे हैं।

ग्रामीण संजय शर्मा ने बताया कि भोपाल जाते समय सड़क के गड्ढे में बाइक फिसलने से वे गिर पड़े, कपड़े खराब हो गए और पैर में गंभीर चोट भी आई।


स्कूल जाने वाले बच्चों की पढ़ाई पर सीधा असर

इस मार्ग से रोज़ सैकड़ों लोग भोपाल, सीहोर सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करते हैं।
स्कूल जाने वाले बच्चों की हालत और भी चिंताजनक है—

  • कुछ ही कदमों में यूनिफॉर्म कीचड़ से खराब

  • कई बार फिसलकर गिरने की घटनाएं

  • अभिभावकों में डर, बच्चे स्कूल भेजने से हिचक रहे

एक छात्रा ने बताया—

“हमें पढ़ना है, इसलिए डर के बावजूद स्कूल जाते हैं, लेकिन रास्ता बहुत खतरनाक है। रोज़ गिरने का डर रहता है।”


ग्रामीणों का आरोप: प्रशासन बड़े हादसे का इंतजार कर रहा

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लोगों का सवाल है—

अगर भविष्य में कोई बड़ा हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? प्रशासन की या आम जनता की?


डेढ़ दर्जन से अधिक गांवों का मुख्य संपर्क मार्ग

इस जर्जर सड़क से
जूनापानी, गांगापिपलिया, देहरी, बरखेड़ा हसन, बदरखा सानी, दौलतपुरा, जाफराबाद, रोंडिया, पीपलखेड़ा, दिल्लौद, इजगिरी, उनीदा, त्रिवेणी, गुनगा, करोंदिया
सहित 15 से अधिक गांवों के ग्रामीणों का रोज़ाना आवागमन होता है।


ग्रामीणों की मांग: तत्काल मरम्मत और पुलिया निर्माण

ग्रामीण संजय शर्मा, बद्री खत्री, मनोहर विश्वकर्मा, जितेंद्र सेन, बृजेश शर्मा, जितेंद्र कुशवाह सहित अन्य लोगों ने

  • गड्ढों वाली जगह पर पाइप वाली पुलिया निर्माण

  • सड़क की तत्काल मरम्मत

  • बरसात से पहले स्थायी समाधान

की मांग की है।


अब सवाल यह है…

प्रशासन कब जागेगा और कब इस “हादसों के रास्ते” को सुरक्षित सड़क में बदला जाएगा?

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें