एसडीएम आशुतोष शर्मा ने घर-घर जाकर किया मतदाता सत्यापन
ब्रजेन्द्र कुशवाह | बैरसिया
बैरसिया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश भर में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची में दर्ज अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की सघन जांच का कार्य तेज कर दिया गया है।
इस अभियान के अंतर्गत भोपाल जिले की नगरीय विधानसभाओं में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह द्वारा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जबकि ग्रामीण विधानसभाओं में संबंधित एसडीएम द्वारा अलग-अलग बूथों की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई है।
इसी क्रम में सोमवार को भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने स्वयं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 153 के मतदान केंद्र क्रमांक 150 पर पहुंचकर घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं का सत्यापन किया।
वहीं मंगलवार को बैरसिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 149 के मतदान केंद्र क्रमांक 7, ग्राम पंचायत नजीराबाद में बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा ने स्वयं मौके पर पहुंचकर संग्रह योग्य नहीं (नॉन-कलेक्टेबल) श्रेणी में रखे गए मतदाताओं की जांच की।
एसडीएम आशुतोष शर्मा ने ग्राम में लगभग 10 से 15 घरों पर जाकर मतदाताओं की स्थिति का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने बताया कि बुधवार को छूटे हुए मतदाताओं की पुनः जांच की जाएगी, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
इस दौरान एसडीएम आशुतोष शर्मा के साथ ग्राम पंचायत सरपंच नर्मदा प्रसाद अहिरवार, बीएलओ छगनलाल मेहर, सचिव उधम सिंह मेहर, बीएलए राजेंद्र सेन, सहायक सचिव कमल सिंह अहिरवार सहित पत्रकार रामबाबू योगी एवं संतोष शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।












